
शनिवार // 16 दिसंबर 2023
क्योंकि, प्रभु यहोवा की यह वाणी है, जो मरे, उसके मरने से मैं प्रसन्न नहीं होता, इसलिये पश्चात्ताप करो, तभी तुम जीवित रहोगे।
यहेजकेल 18:32
बीमारी के संबंध में यह सबसे बड़ी ग़लतफ़हमी है। बहुतों को सिखाया जाता है कि वे परमेश्वर की महिमा के लिए बीमार हैं।
वे अक्सर लाजर का उदाहरण देते हैं। जब यीशु को बताया गया कि लाजर बीमार है, तो उसने उत्तर दिया: “यह बीमारी मृत्यु के लिये नहीं, परन्तु परमेश्वर की महिमा के लिये है, कि उसके द्वारा परमेश्वर के पुत्र की महिमा हो।” (यूहन्ना 11:4) जब यीशु बैतनिय्याह में पहोंचे, और लाजर की बहनों से उसकी मुलाकात हुई, तो निश्चित रूप से उसकी बीमारी की प्रशंसा नहीं की गई, न ही वे परमेश्वर और उसके पुत्र की महिमा कर रहे थे। परमेश्वर के पुत्र की महिमा तभी हुई जब लाजर कब्र से बाहर आया। (यूहन्ना 11:44) लाजर को परमेश्वर की महिमा के लिए पुनर्जीवित किया गया था! – परमेश्वर की महिमा के लिए बीमार नहीं था!
दूसरा उदाहरण उस आदमी का दीया जाता है जो जन्म से अंधा था। इस मामले में, यीशु के कुछ शिष्यों ने उनसे जन्म से अंधे एक व्यक्ति के संबंध में सवाल किया, कि क्या उस व्यक्ति ने पाप किया था या उसके माता-पिता ने। यीशु ने उत्तर दिया, “न तो इस ने पाप किया, न इसके माता-पिता ने; परन्तु यह इसलिये हुआ कि परमेश्वर के काम उस में प्रगट हों।” (यूहन्ना 9:3) इससे यह निष्कर्ष नहीं निकलता कि इस आदमी ने और इसके माता-पिता ने कभी कोई पाप नहीं किया था, क्योंकि हमें बताया गया है कि “सभी ने पाप किया है” (रोमियों 3:23) बल्कि, यह अंधापन, जो असामान्य था, कोई पाप नहीं था। इस आदमी का अंधापन अपने आप में परमेश्वर की महिमा नहीं थी। बल्कि उसका अंधापन परमेश्वर के कार्यों को प्रकट होने का एक अवसर था। परमेश्वर की महिमा तब हुई जब जो लोग जानते थे कि वह अंधा पैदा हुआ था, उन्होंने देखा कि वह अचानक देखने में सक्षम हो गया।
यदि आप परमेश्वर की महिमा के लिए बीमार हैं, तो अब उनसे चंगाई स्वीकार करके परमेश्वर की महिमा करें, और अपने बारे में सभी को परमेश्वर की सामर्थ के बारे में बताएं, जो उन सभी को बचाता है जो उस पर भरोसा करते हैं!
मसीह में आपका भाई,
अशोक मार्टिन