*यीशु को देखने की तीव्र इच्छा — हर बाधा पर विजय*
> `“और वह यीशु को देखने का यत्न कर रहा था कि कौन सा है, परन्तु भीड़ के कारण देख नहीं सकता था, क्योंकि वह नाटा था। तब उसे देखने के लिये वह आगे दौड़कर एक गूलर के पेड़ पर चढ़ गया, क्योंकि उसे वहीं से होकर जाना था।” लूका 19:3-4`
क्या होता अगर जक्कई उस दिन गूलर के पेड़ पर न चढ़ता और यीशु को देखने के लिए इंतज़ार करता रहता? शायद जक्कई, जो अन्यायपूर्वक चुंगी लेने वाला था, अपने पापों में मरकर परमेश्वर के सामने से हमेशा के लिए विलुप्त हो जाता। शायद वह भी उस धनी मनुष्य के समान, जो नरक में पानी की एक बूँद के लिए चिल्ला रहा था, चिल्ला रहा होता और अपने आपको कोस रहा होता कि काश! मैं उस दिन, जब यीशु उस रास्ते से आया, गूलर के पेड़ पर चढ़ गया होता, तो नरक की गहराइयों में न उतरता।
बात गूलर के पेड़ पर चढ़ने की नहीं थी, बल्कि यीशु को देखने में जो बाधा थी, उस पर विजय पाने की थी। जक्कई ने अपने छोटे कद की मजबूरी को स्वीकार नहीं किया। वह यीशु को देखने की इच्छा से पीछे नहीं हटा, बल्कि शर्मो-हया, जान-पहचान और “लोग क्या कहेंगे” जैसी बातों को यीशु को देखने की अपनी तीव्र इच्छा के आगे बलि चढ़ाकर पेड़ पर चढ़ गया और जी भरकर यीशु का दीदार किया।
अपनी मजबूरियों से न हारें! यीशु को देखने की आपकी तीव्र इच्छा में आपको जयवंत करने की क्षमता है। कब तक यह कहते रहोगे कि मेरा कद छोटा है, मेरा रंग काला है, मैं कम पढ़ा-लिखा हूँ, मुझे इंग्लिश नहीं आती, मुझे डर लगता है, मुझे याद नहीं रहता, इत्यादि…?
क्या आप केवल इतना चाहते हैं कि जक्कई की तरह मुझे यीशु को देखना है? तो यह वचन आपके लिए है: _“मुझे इस बात का भरोसा है, कि जिस ने तुम में अच्छा काम आरम्भ किया है, वही उसे यीशु मसीह के दिन तक पूरा करेगा।” फिलिप्पियों 1:6_
मसीह में आपका भाई,
प्रेरित अशोक मार्टिन