
दिन 65 —
*“हृदय की रक्षा करो, परमेश्वर के समय का आदर करो, सत्य और प्रेम में चलो”*
> “अपने सब काम यहोवा को सौंप दे, तब तेरी युक्तियाँ सफल होंगी।” — नीतिवचन 16:3
आत्मिक परिपक्वता:
अवसर से बढ़कर *आज्ञाकारिता* चुनना है ,
घमण्ड से बढ़कर *नम्रता* चुनना है,
छल से बढ़कर *सत्य* चुनना है,
और घृणा से बढ़कर *प्रेम* को अपनाना है ।
दाऊद फिर से शाऊल को छोड़ देता है और यह प्रमाणित करता है कि अधिकार परमेश्वर से मिलता है, अवसर को पकड़कर छीना नहीं जाता। सच्ची बुद्धि तब हाथ रोक लेती है जब बदला लेना सही प्रतीत हो रहा होता है, क्योंकि समय यहोवा के हाथ में है। *(1 शमूएल 26–29)*
नीतिवचन बताता है कि हृदय ही जीवन का रणक्षेत्र है— घमण्ड पतन के लिए द्वार खोलता है, लापरवाह का वचन विनाश को भड़काते हैं, और नम्रता आदर की रक्षा करती है। *(नीतिवचन 16–18)*
यहेजकेल चौकीदार की ज़िम्मेदारी की बात करता है कि उसका कर्तव्य है कि वो चेतावनी दे, और लोगों की ज़िम्मेदारी है कि वे उस पर ध्यान दें। परमेश्वर मृत्यु नहीं, पश्चाताप चाहता है और नए हृदय, नई आत्मा तथा ऐसे आज्ञाकारी जीवन का वादा करता है जो दबाव से नहीं, परिवर्तन से उत्पन्न होता है।
*(यहेजकेल 33–36)*
यूहन्ना सिखाता है कि सच्ची धार्मिकता और सच्चा विश्वास दिखाई देने वाली आज्ञाकारिता और बलिदानी प्रेम से प्रकट होते हैं। घृणा अंधकार को उजागर करती है, प्रेम पुत्रत्व को सिद्ध करता है, और सत्य केवल वचनों से नहीं बल्कि कार्यों और आत्माओं की परख से प्रमाणित होता है। *(1 यूहन्ना 3–4)*
जो लोग परमेश्वर के समय पर भरोसा रखते हैं, अपने हृदय की रक्षा करते हैं, उसकी चेतावनियों पर ध्यान देते हैं और प्रेम में चलते हैं, वे उसके सामने स्वीकृत ठहरेंगे। _“हे बालकों, हम वचन और जीभ ही से नहीं, पर काम और सत्य के द्वारा भी प्रेम करें।” — 1 यूहन्ना 3:18_
मसीह में आपका भाई,
प्रेरित अशोक मार्टिन