बुधवार // 7 अगस्त 2024
क्या पवित्र आत्मा आपका इस तरह से मार्गदर्शन कर रहा है?
मेरी भेड़ें मेरा शब्द सुनती हैं, और मैं उन्हें जानता हूं, और वे मेरे पीछे पीछे चलती हैं:
यूहन्ना 10:27
परमेश्वर से प्रेम करने और उसका सम्मान करने वाला जीवन जीना बहुत ही व्यक्तिगत होता है; यह जीवित परमेश्वर के साथ हमारे रिश्ते पर निर्भर होता है। परमेश्वर ने यीशु मसीह के हर सच्चे अनुयायी के भीतर अपनी आत्मा डाला है और यह आत्मा हमें निर्णय लेने में मार्गदर्शन करता है। कुछ लोगों ने शास्त्र और आत्मा को अलग करने की कोशिश की है लेकिन यह हानिकारक और मूर्खतापूर्ण दोनों है। शास्त्र पवित्र आत्मा के व्यक्तित्व का अभिव्यक्ति है, ठीक वैसे ही जैसे आपके शब्द आपकी अभिव्यक्ति हैं। परमेश्वर की आत्मा कभी भी शास्त्र के विपरीत नहीं जाता। पवित्र आत्मा हमें जीवन की विभिन्न परिस्थितियों में मार्गदर्शन करता है, जिसमें निर्णय लेना भी शामिल है। आत्मा की अगुवाई हमें ऐसे विकल्प चुनने में मदद करती है जो परमेश्वर के वचन के अनुरूप हों, खासकर जब बाइबल किसी मुद्दे को विशेष रूप से या सीधे संबोधित नहीं करती है।
आत्मा की आवाज़ को पहचानना सीखना एक प्रक्रिया है। जब आप नए विश्वासी होते हैं तो यह आसानी से हो सकता है कि आप आराधना स्तुति के उन्माद या भावनाओं की तिव्रता को आत्मा की अगुवाई मान लें। “प्रभु ने मुझे कहा . . . ” जैसी बातें बहुत भ्रामक हो सकते हैं। एक बार एक मसीही लड़के ने चर्च में लोगों के एक समूह से कहा कि परमेश्वर ने उससे कहा था कि वह इस लड़की या फिर उस लड़की से शादी करेगा। और क्या आप अनुमान लगा सकते हैं के क्या हुआ?: उसने दोनों में से किसी से भी शादी नहीं की।
समय के साथ हम आत्मा की आवाज़ और प्रतिस्पर्धी आवाज़ों के बीच अंतर करना सीख जाते हैं, और हम कई बार अधिक आत्मविश्वास से कह सकते हैं, “नहीं, यह आत्मा नहीं है” या “मुझे लगता है कि आत्मा मुझे . . .” की ओर ले जा रही है। फिर भी, हमें यहाँ सावधान रहना होगा क्योंकि हमारी अपनी इच्छाएँ इस बात में भूमिका निभा सकती हैं कि हम कैसे महसूस करते हैं कि आत्मा हमें ले जा रही है। एक बात हमेशा याद रखने में मददगार होती है कि आत्मा की आवाज़ हमें परमेश्वर और दूसरों से प्यार करने और उनकी सेवा करने के लिए प्रेरित करती है, यह हमें दूसरों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहती है। इसलिए कोई भी आवाज़ जो आपको स्वार्थी तरीके से काम करने का सुझाव देती है, चाहे वह कितनी भी धार्मिक भाषा में लिपटी हो, वह आत्मा की आवाज़ नहीं है।
मसीह में आपका भाई,
प्रेरित अशोक मार्टिन
Thank u Jesus 🙏 yes pavitra atma hamari her paristhiti me madad karta aur hamara margdarshan karta hai. Thank u holy spirit. Thank u brother Ashok Martin apke margdarshan ke liye 🙏🙏 praise the Lord 🙏🙏 hallelujah 🙏🙏